दुनिया की सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp को लेकर बड़ा बदलाव सामने आ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में WhatsApp पूरी तरह फ्री नहीं रहेगा। हालांकि मैसेज भेजने के लिए पैसे नहीं देने होंगे, लेकिन स्टेटस फीचर के लिए कंपनी सब्सक्रिप्शन मॉडल ला सकती है।
जानकारी के अनुसार, WhatsApp के नए बीटा वर्जन 2.26.3.9 के कोड से संकेत मिले हैं कि कंपनी स्टेटस टैब में विज्ञापन दिखाने की तैयारी कर रही है। जो यूजर्स सब्सक्रिप्शन नहीं लेंगे, उन्हें स्टेटस देखते समय विज्ञापन नजर आ सकते हैं। वहीं, जो यूजर्स पैसे देकर सब्सक्रिप्शन लेंगे, उन्हें एड-फ्री स्टेटस एक्सपीरियंस मिलेगा।
क्या होगा सब्सक्रिप्शन में खास?
WhatsApp का यह पेड प्लान केवल स्टेटस फीचर से जुड़ा होगा। यानी चैटिंग, कॉलिंग और मैसेजिंग पहले की तरह फ्री रहेंगी। सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को स्टेटस सेक्शन में किसी भी तरह का विज्ञापन नहीं दिखेगा।
कब से लागू होगा नया मॉडल?
फिलहाल WhatsApp ने आधिकारिक तौर पर सब्सक्रिप्शन को लेकर कोई घोषणा नहीं की है। यह जानकारी केवल बीटा वर्जन के कोड से सामने आई है। ऐसे में माना जा रहा है कि कंपनी इसे तुरंत लागू नहीं करेगी, लेकिन भविष्य में यह मॉडल जरूर पेश किया जा सकता है।
WhatsApp Business से जुड़ा है विज्ञापन मॉडल
WhatsApp Business यूजर्स के लिए पहले से ही विज्ञापन का विकल्प मौजूद है, जिससे वे अपने प्रोडक्ट और सर्विस का प्रचार कर सकते हैं। अभी ये विज्ञापन मेटा के दूसरे प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखाई देते हैं। माना जा रहा है कि आगे चलकर यही विज्ञापन सामान्य WhatsApp यूजर्स को भी स्टेटस के जरिए दिखाए जा सकते हैं।
कुल मिलाकर, WhatsApp यूजर्स को जल्द ही यह तय करना पड़ सकता है कि वे विज्ञापन के साथ फ्री स्टेटस इस्तेमाल करेंगे या पैसे देकर बिना विज्ञापन वाला अनुभव चुनेंगे।





