बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने एक बार फिर अपनी बेबाकी दिखाई। बेटे अहान शेट्टी की पहली फिल्म ‘तड़प’ के फ्लॉप होने और उनके संघर्षों को याद करते हुए सुनील भावुक हो उठे, लेकिन साथ ही उन्होंने सख्त संदेश भी दिया कि किसी ने भी अहान के करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सुनील ने माना कि अहान को बॉलीवुड में संघर्ष करना पड़ा और कई लोग यह मानते थे कि पिता के नाम से उन्हें आसानी से मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा, “अहान ने असल में बहुत कुछ झेला है।” उन्होंने उन लोगों को चेतावनी दी जो उनके बेटे के खिलाफ नकारात्मक प्रचार या ट्रोलिंग करते हैं, कि ऐसे लोग उसकी कीमत चुका सकते हैं।
उन्होंने साफ कहा कि प्यार से पेश आने वालों के प्रति वे भी प्यार दिखाएंगे, लेकिन जो अहान को नीचा दिखाने की कोशिश करेंगे, उन्हें उसी की भाषा में जवाब मिलेगा। सुनील ने कहा, “मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं। परिवार, इज्जत और वफादारी मेरे लिए सबसे ऊपर हैं।”
सुनील ने यह भी स्पष्ट किया कि वे आज के ‘कूल डैड’ नहीं हैं जो सबकुछ अनदेखा कर दें। वे पुराने समय के पिता हैं, जो अपने बच्चों की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा, “अगर कोई अहान के करियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, मैं उसे किसी भी हाल में नहीं छोड़ूंगा।”
वहीं, अहान शेट्टी की अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हो सकती है। इस फिल्म में अहान एक युवा और जांबाज सैन्य अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन भी अहम भूमिका में हैं। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हो गई है।





