कॉमेडियन कपिल शर्मा ने विदेश में अपने बिजनेस को आगे बढ़ाते हुए एक और नया कैफे आउटलेट शुरू किया है। इस बार उन्होंने कनाडा नहीं, बल्कि दुबई को चुना है। कनाडा में उनके कैफे से जुड़ी लगातार सामने आई चुनौतियों के बाद यह फैसला काफी चर्चा में है।
दरअसल, कपिल शर्मा ने पिछले साल सरे (कनाडा) में ‘कैप्स कैफे’ की शुरुआत की थी। हालांकि जुलाई से अक्टूबर 2025 के बीच उनके इस कैफे पर तीन बार गोलीबारी की घटनाएं हुईं, जिससे उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद कपिल ने हार नहीं मानी और अब दुबई में नए आउटलेट के साथ एक नई शुरुआत की है।
सोशल मीडिया पर किया ऐलान
दुबई में कैफे लॉन्च करते हुए कपिल शर्मा ने अपने नए आउटलेट की झलक शेयर की। वीडियो में वह हाथ में कॉफी लिए खुश नजर आए। उन्होंने लिखा, “दुबई के लिए हमारे दिल से… कैप्स कैफे अपने दरवाजे खोलने जा रहा है। गर्म माहौल, सुकून भरे कोने और मुस्कान के साथ आपका स्वागत होगा।”
इंटीरियर और मेन्यू की झलक
फेमस फूड और ट्रैवल प्लेटफॉर्म Curly Tales ने भी दुबई स्थित कैफे की एक झलक दिखाई है। सफेद और गुलाबी थीम, खूबसूरत झूमर और आरामदायक बैठने की जगह इस कैफे को खास बनाती है। मेन्यू में क्लासिक कैफे आइटम्स के साथ हेल्दी विकल्प भी शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि कपिल शर्मा ने अपनी पसंद का गुड़, और नींबू वाला ड्रिंक भी मेन्यू में रखा है।
सेलेब्स ने दी बधाई
कपिल के इस नए बिजनेस वेंचर पर उनके करीबी दोस्तों और इंडस्ट्री के सितारों ने खुशी जताई। भारती सिंह, कीकू शारदा समेत कई सेलेब्स ने कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ को नए कैफे के लिए बधाई दी।
हालांकि, जानकारी के मुताबिक जिस इलाके में यह कैफे खोला गया है, वहां पार्किंग की कमी एक चुनौती हो सकती है।





