देशव्यापार

नए साल में BSNL की बड़ी पहल, देशभर में शुरू हुई VoWiFi सेवा, कॉल ड्रॉप से मिलेगी राहत

नए साल की शुरुआत के साथ ही सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा दिया है। कंपनी ने पूरे भारत में आधिकारिक रूप से VoWiFi (वॉइस ओवर वाई-फाई) सर्विस लॉन्च कर दी है। इस सुविधा के शुरू होने से अब कॉल ड्रॉप की परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी, क्योंकि बिना मोबाइल नेटवर्क के भी कॉल की जा सकेगी।

अब नो-नेटवर्क एरिया में भी होगी कॉलिंग

BSNL ने अपने आधिकारिक X (ट्विटर) हैंडल के जरिए जानकारी दी कि VoWiFi सर्विस देशभर में एक्टिव हो चुकी है। अगर किसी इलाके में मोबाइल सिग्नल कमजोर है या बिल्कुल नहीं है, तो भी यूजर्स वाई-फाई नेटवर्क के जरिए आसानी से कॉल कर सकेंगे। इससे पहाड़ी, ग्रामीण और रिमोट एरिया में रहने वाले लोगों को खास फायदा मिलेगा।

4G/5G नेटवर्क पर भी तेज़ी से काम

कंपनी ने हाल ही में अपनी 4G सेवा को पूरे देश में शुरू किया है। इसके लिए BSNL अब तक 92,000 से ज्यादा नए 4G/5G मोबाइल टावर लगा चुकी है। आने वाले समय में करीब 1 लाख और नए टावर लगाने की योजना है। खास बात यह है कि BSNL का 4G/5G नेटवर्क पूरी तरह स्वदेशी तकनीक पर आधारित है।

प्राइवेट कंपनियों को मिलेगी टक्कर

फिलहाल VoWiFi सेवा Airtel और Jio जैसी निजी टेलीकॉम कंपनियां पहले से दे रही हैं। अब BSNL के इस कदम से सरकारी कंपनी भी प्राइवेट प्लेयर्स को सीधी चुनौती देगी।

VoWiFi से यूजर्स को क्या फायदा

रिमोट और ग्रामीण इलाकों में बिना नेटवर्क के भी कॉलिंग
शहरों में बेसमेंट, ऑफिस या लिफ्ट जैसे नो-नेटवर्क जोन में कनेक्टिविटी
घर या ऑफिस के ब्रॉडबैंड वाई-फाई से कॉल करने की सुविधा

हालांकि, यह सर्विस उन्हीं स्मार्टफोन में काम करेगी जो VoWiFi को सपोर्ट करते हैं। ज्यादातर मिड-रेंज और प्रीमियम फोन में यह फीचर उपलब्ध है, जबकि कुछ बजट फोन में इसका सपोर्ट नहीं मिलता।

कैसे करें VoWiFi एक्टिव

BSNL यूजर्स अपने स्मार्टफोन की सेटिंग्स में जाकर VoWiFi या Wi-Fi Calling ऑप्शन को ऑन कर सकते हैं। किसी तरह की समस्या आने पर कंपनी की हेल्पलाइन 1800-1503 पर संपर्क किया जा सकता है।

BSNL की यह नई सेवा उन लाखों यूजर्स के लिए राहत लेकर आई है, जो लंबे समय से कॉल ड्रॉप और नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts