रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का आज भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और बड़ी संख्या में खिलाड़ी, जनप्रतिनिधि व खेल प्रेमी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है, जिसे देशभर में सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अटल जी का पूरा जीवन लोकतंत्र, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।
सीएम साय ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल का आभार जताते हुए बताया कि उनके संसदीय क्षेत्र से शुरू हुआ सांसद खेल महोत्सव आज एक बड़े आयोजन के रूप में सामने आया है। यह प्रतियोगिता प्रदेश के 36 स्थानों पर आयोजित हुई, जिसमें लगभग 85 हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस आयोजन से छत्तीसगढ़ को कई नई खेल प्रतिभाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ से जो खिलाड़ी ओलंपिक में भाग लेंगे, उन्हें 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं ओलंपिक में पदक जीतने पर स्वर्ण पदक विजेता को 3 करोड़, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में बंद पड़े खेल अलंकरण समारोह को दोबारा शुरू किया गया है, ताकि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रेरणा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि सांसद खेल महोत्सव का समापन देश के 200 से अधिक संसदीय क्षेत्रों में एक साथ किया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है और भविष्य में ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव को खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया।
गार्ड ऑफ ऑनर समाप्त किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश से वीआईपी संस्कृति खत्म करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं और यह फैसला आम नागरिकों के सम्मान को प्राथमिकता देने का प्रतीक है।
समापन समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





