ग्वालियर। 18 साल की वंशिका तिवारी ने दिल्ली में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप शॉटगन में मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया। यूथ कैटेगरी में वंशिका ने कुल 5 मेडल जीते, जिनमें 2 गोल्ड और 3 सिल्वर शामिल हैं। उनका सपना है कि भविष्य में ओलंपिक में खेलते हुए गोल्ड मेडल जीतें।
वंशिका तिवारी ग्वालियर के कम्पू क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनका चयन महज 13 साल की उम्र में 2019 में MP शूटिंग एकेडमी भोपाल में हुआ था। इस चैंपियनशिप में उन्होंने यूथ कैटेगरी इंडिविजुअल गोल्ड, जूनियर टीम गोल्ड, सीनियर टीम सिल्वर, मिक्स टीम सिल्वर और जूनियर इंडिविजुअल सिल्वर मेडल जीते।
वंशिका ने विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच अपनी शानदार शूटिंग कौशल का प्रदर्शन किया। वह पहले भी वर्ल्ड यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं और 2024 में इसी चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं।
वंशिका की सफलता ग्वालियर और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का कारण बनी है। उनके प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया कि बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं और अब प्रदेश की युवा बेटियां अपनी काबिलियत का लोहा पूरे देश में मनवा रही हैं।





