देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी Tata Motors ने दिसंबर महीने के लिए ग्राहकों को आकर्षित करने वाली नई EMI स्कीम लॉन्च की है। इस ऑफर के तहत अब टाटा की कारें मात्र ₹4,999 की शुरुआती EMI पर खरीदी जा सकती हैं। यह योजना कंपनी के कुल आठ मॉडलों पर लागू है और 31 दिसंबर 2025 तक वैध रहेगी।
कंपनी की पेट्रोल और डीजल कारों में टियागो की EMI ₹4,999 से शुरू होती है। वहीं टिगोर और पंच की EMI ₹5,999, अल्ट्रोज की ₹6,777, नेक्सॉन की ₹7,666 और कर्व्व की EMI ₹9,999 से शुरू बताई गई है।
इलेक्ट्रिक सेगमेंट की बात करें तो टियागो.ev ₹5,999 EMI पर उपलब्ध है। पंच.ev की EMI ₹7,999, नेक्सॉन.ev की ₹10,999 और कर्व्व.ev की EMI ₹14,555 से शुरू होती है।
कैसे मिल रही है इतनी कम EMI
कंपनी के अनुसार पेट्रोल-डीजल कारों की EMI 25% या 30% बैलून स्कीम विकल्प और 84 महीने की लोन अवधि के आधार पर तय की गई है। वहीं इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए 120 महीने तक की लोन अवधि रखी गई है। सभी स्कीमें फाइनेंसर की मंजूरी और वाहन की ऑन-रोड कीमत पर निर्भर करेंगी, इसलिए वास्तविक EMI में बदलाव संभव है।
सेफ्टी और टेक्नोलॉजी पर जोर
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल लिमिटेड भारत की अग्रणी घरेलू कार कंपनियों में शामिल है और पैसेंजर व्हीकल बाजार में तीसरे स्थान पर है। कंपनी की कारों में सेफ्टी फीचर्स, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और अलग-अलग फ्यूल ऑप्शन उपलब्ध कराए जाते हैं। टाटा की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पुणे और साणंद में स्थित हैं।
देशभर में मजबूत नेटवर्क
टाटा मोटर्स का देशभर में 3,500 से ज्यादा टचपॉइंट्स का नेटवर्क है, जिसमें 195 शहरों में 250 से अधिक डीलरशिप शामिल हैं। कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों का संचालन टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के तहत होता है, जिसमें ज़िपट्रॉन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है, जो जीरो-एमिशन और कम लागत वाली मोबिलिटी का विकल्प देती है।





