आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। इसी बीच भारत में ऑनलाइन स्ट्रीमिंग को लेकर चल रही अटकलों पर अब आईसीसी ने स्थिति साफ कर दी है।
पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि भारत में टी20 वर्ल्ड कप के डिजिटल प्रसारण अधिकार रखने वाली JioStar ने अपना करार बीच में ही खत्म कर दिया है, जिसके बाद आईसीसी नए प्लेटफॉर्म की तलाश में जुट गई है। हालांकि, आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में इन सभी रिपोर्ट्स को पूरी तरह गलत बताया है।
JioStar के साथ करार बरकरार
आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि JioStar के साथ उनका समझौता पूरी तरह से लागू है और वह भारत में अब भी आईसीसी का आधिकारिक मीडिया राइट्स पार्टनर बना हुआ है। वहीं JioStar ने भी भरोसा दिलाया है कि वह भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को आईसीसी के सभी बड़े टूर्नामेंट्स, जिनमें टी20 वर्ल्ड कप भी शामिल है, की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध कराता रहेगा। कंपनी का फोकस फैंस को बेहतरीन और व्यापक कवरेज देने पर है।
इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि भारतीय दर्शक टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सभी मुकाबले ऑनलाइन JioStar पर बिना किसी परेशानी के देख सकेंगे। गौरतलब है कि JioHotstar ने भारत में आईसीसी के मीडिया राइट्स के लिए करीब 3 बिलियन डॉलर का चार साल का करार किया हुआ है।
टिकट बिक्री भी शुरू
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैचों के लिए टिकट बिक्री भी शुरू कर दी है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 7 फरवरी को खेला जाएगा, जबकि फाइनल 8 मार्च को होगा। इस बार कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 5-5 की चार ग्रुपों में बांटा गया है।
भारत में 5 और श्रीलंका में 3 वेन्यू पर मैच खेले जाएंगे। 11 दिसंबर से ग्रुप स्टेज मुकाबलों के टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। टीम इंडिया के तीन मैचों के टिकट पहले ही सोल्ड आउट हो चुके हैं, जबकि 18 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ अहमदाबाद में होने वाले मुकाबले के टिकट अभी उपलब्ध हैं।





