फिल्म ‘3 इडियट्स’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आमिर खान, आर. माधवन, शरमन जोशी और करीना कपूर स्टारर इस सुपरहिट फिल्म का सीक्वल आखिरकार बनने जा रहा है। राजकुमार हिरानी और विधु विनोद चोपड़ा फिर से साथ आ रहे हैं, और कहानी के दूसरे भाग की स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार हो चुकी है।
रिपोर्ट्स की मानें तो 3 इडियट्स 2 की शूटिंग 2026 की दूसरी छमाही—यानी जून के बाद—शुरू होने की योजना है। मेकर्स का कहना है कि यह पार्ट भी अपने पहले हिस्से की तरह ही हंसी, भावनाओं और दोस्ती की मजबूत बुनियाद पर आधारित होगा।
सूत्रों के अनुसार, सीक्वल की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी जहाँ पहला भाग खत्म हुआ था। क्लाइमैक्स में 15 साल बाद का ट्रैक दिखाया जाएगा, जहाँ रैंचो, फरहान, राजू और पिया अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके होंगे, लेकिन एक नया रोमांचक एडवेंचर उन्हें फिर साथ लाएगा। दर्शकों को इन चारों की ट्यूनिंग और जर्नी दोबारा देखने को मिलेगी।
साल 2009 में रिलीज हुई 3 इडियट्स ने भारतीय सिनेमा में कई रिकॉर्ड तोड़े थे और 200 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली पहली हिंदी फिल्म बनी थी। इसी लोकप्रियता के कारण सीक्वल को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
खबर यह भी है कि फिलहाल राजकुमार हिरानी और आमिर खान ने दादासाहेब फाल्के बायोपिक के काम को रोक दिया है, क्योंकि उन्हें उसकी स्क्रिप्ट से पूरी तरह संतोष नहीं था। अब पूरा फोकस 3 इडियट्स 2 पर है।





