मध्यप्रदेश

पूरे मध्यप्रदेश में 1 दिसंबर को व्यापक स्तर पर होगा गीता पाठ, CM डॉ. मोहन यादव ने दिए निर्देश

मध्यप्रदेश में 1 दिसंबर को गीता जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में एक साथ गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान का प्रसार समाज में सकारात्मक सोच और बेहतर मानसिकता विकसित करने में सहायक है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों, कॉलेजों और आम नागरिकों के बीच गीता के विभिन्न अध्यायों की प्रतियां वितरित की जाएं तथा क्विज जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं।

इसके साथ ही श्रीमद्भगवतगीता ऑनलाइन ज्ञान प्रतियोगिता में 28 नवंबर तक [www.geetamahotsav.com] पर प्रविष्टि की जा सकती है। तीन श्रेणियों में आयोजित इस प्रतियोगिता के विजेताओं को 26 जनवरी 2026 को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

1 दिसंबर को पूरे प्रदेश के सभी विकासखंड, जिला और संभागीय मुख्यालयों में श्रीमद्भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सामूहिक पाठ किया जाएगा। वीर भारत न्यास द्वारा गीता पाठ के साथ गीता प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है, जिसमें विद्यार्थियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में अधिक से अधिक लोगों को इस महत्वपूर्ण आयोजन से जोड़ा जाए, ताकि गीता के संदेश को व्यापक रूप से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts