छत्तीसगढ़

सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता: कुख्यात माओवादी कमांडर माडवी हिडमा समेत 6 नक्सली ढेर

बस्तर। छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर चल रहे संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी उपलब्धि मिली है। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले के मारेदुमिल्ली क्षेत्र में चली मुठभेड़ में स्पेशल ग्रेहाउंड्स ने CPI (माओवादी) के शीर्ष कमांडर माडवी हिडमा सहित 6 नक्सलियों को मार गिराया है। शुरुआती पुष्टि के अनुसार मारे गए नक्सलियों में कई बड़े कैडर शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों ने जिस माओवादी दस्ते को निशाना बनाया, उसमें PLGA बटालियन नंबर-1 का कमांडर हिडमा, उसकी पत्नी राजे (राजक्का) और SZCM टेक शंकर भी शामिल थे।

हिडमा का अंत: सबसे वांछित माओवादी कमांडर ढेर

विशेष बलों ने इस ऑपरेशन में CPI (माओवादी) की PLGA बटालियन नंबर 1 के चीफ और केंद्रीय समिति सदस्य माडवी हिडमा (43) को ढेर कर दिया। बताया जाता है कि हाल ही में उसे केंद्रीय समिति में जगह मिली थी। हिडमा पर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था और वह हमेशा 200–250 हथियारबंद नक्सलियों के साथ घूमता था।

कौन था माडवी हिडमा?

हिडमा का असली नाम संतोष था।
जन्म: 1981, सुकमा जिले के पूवर्ति गांव में।
वह माओवादियों की सबसे खतरनाक लड़ाकू इकाई PLGA बटालियन-1 का प्रमुख था।
हिडमा 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है।
संगठन ने उसे CPI (माओवादी) की केंद्रीय समिति का सबसे युवा सदस्य बनाया था।
बस्तर क्षेत्र से इतने ऊंचे पद तक पहुंचने वाला वह एकमात्र आदिवासी सदस्य था।

ऑपरेशन में हिडमा की पत्नी और DVCM राजे (राजक्का) भी मारी गई। वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में थी।

जिन हमलों में हिडमा था शामिल

2010 दंतेवाड़ा हमला: 76 CRPF जवान शहीद
2013 झीरम घाटी नरसंहार: 27 लोगों की हत्या, जिनमें वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भी शामिल
2021 सुकमा–बीजापुर मुठभेड़: 22 जवान शहीद

इन घटनाओं ने देशभर में माओवादी हिंसा के खिलाफ अभियान को तेज किया था।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

मारेडुमिल्ली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सर्चिंग की जा रही है। छत्तीसगढ़–आंध्र सीमा पर अलर्ट बढ़ा दिया गया है। कहा जा रहा है कि यह ऑपरेशन नक्सल नेटवर्क की रीढ़ तोड़ने में निर्णायक साबित हो सकता है।

मारे गए नक्सलियों की पहचान

1. माडवी हिडमा – केंद्रीय समिति सदस्य (CCM), PLGA बटालियन-1 प्रमुख
2. राजे (राजक्का) – डिविजनल कमेटी मेम्बर (DVCM), हिडमा की पत्नी
3. चेल्लुरी नारायण उर्फ सुरेश – सब-जोनल कमेटी मेम्बर (SZCM)
4. टेक शंकर – वरिष्ठ नक्सली कैडर
5–6. दो अन्य नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

IG पी. सुंदरराज का बयान

IG पी. सुंदरराज ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र से बेहद महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है, लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह कार्रवाई वामपंथी उग्रवाद खत्म करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि साबित हो सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts