सिवनी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी जिले में अपने एकदिवसीय दौरे के दौरान बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त के रूप में 1857 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि अब से लाड़ली बहनों को हर महीने ₹1500 की राशि मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार हर बार एमएसपी बढ़ा रही है और धान-गेहूं की खरीदी इसी दर पर जारी रहेगी। साथ ही किसानों को पहले की तरह बोनस भी दिया जाएगा।
नक्सलवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “जो नक्सली आत्मसमर्पण नीति नहीं अपनाएंगे, उनका लाल सलाम अब अंतिम सलाम होगा।”




