जांजगीर-नैला में 4.37 करोड़ की लागत से सेंट्रल लाइब्रेरी, 10.84 करोड़ की लागत से एसटीपी एवं 1.97 करोड़ की लागत से पाइपलाइन विस्तार व सम्पवेल का होगा निर्माण
श्री साव ने नवनिर्मित अटल परिसर और चौपाटी को जनता को किया समर्पित
चांपा में 48.56 लाख की लागत से पानी टंकी और 29.98 लाख की लागत से बनेगा कर्मचारी आवास
उप मुख्यमंत्री ने जांजगीर-नैला नगर पालिका भवन और विकास कार्यों के लिए ढाई-ढाई करोड़ तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार व विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ देने की घोषणा की
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज जांजगीर-नैला नगर पालिका और चांपा नगर पालिका में 19 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने इस दौरान जांजगीर-नैला में नगर पालिका के कार्यालय भवन के लिए 2.5 करोड़ रुपए, विकास कार्याें के लिए 2.5 करोड़ रुपए तथा चांपा नगर पालिका में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्याें के लिए 3 करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
श्री साव ने चांपा नगर पालिका में कुल एक करोड़ 8 लाख 54 हजार रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने इस दौरान चांपा नगर पालिका के घोघरानाला में 48 लाख 56 हजार रुपए की लागत से पानी टंकी निर्माण, 29 लाख 98 हजार रुपए की लागत से नगर पालिका के कर्मचारियों के लिए आवास का शिलान्यास एवं 30 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक श्री ब्यास कश्यप और छत्तीसगढ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए।




