Blog

सेंसेक्स की टॉप-10 में से 9 कंपनियों का मार्केट कैप ₹97,463 करोड़ बढ़ा, निवेशकों को हुआ तगड़ा फायदा

शेयर बाजार (Share Market) में लगातार दो हफ्तों की गिरावट के बाद बीता हफ्ता निवेशकों के लिए शानदार साबित हुआ. बीएसई के 30 शेयरों वाले सेंसेक्स की टॉप-10 मोस्ट वैल्यूएबल कंपनियों में 9 का कंबाइंड मार्केट कैप (Market Cap) में बीते सप्ताह 97,463.46 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई. सबसे ज्यादा फायदे में रिलायंस इंडस्ट्रीज रही.

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 580.98 अंक या 0.91 फीसदी के लाभ में रहा. सप्ताह के दौरान बजाज फाइनेंस को छोड़कर टॉप-10 में अन्य कंपनियों के मार्केट वैल्यूएशन में उछाल आया. रिपोर्टिंग वीक में रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 36,399.36 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 15,68,995.24 करोड़ रुपये पर पहुंच गया.

इन कंपनियों को हुआ फायदा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बाजार हैसियत 15,305.71 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,15,976.44 करोड़ रुपये रही. आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट वैल्यूएशन 14,749.52 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 6,54,042.46 करोड़ रुपये पर और एचडीएफसी बैंक का 11,657.11 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 11,25,842.89 करोड़ रुपये रहा.

बजाज फाइनेंस का मार्केट वैल्यूएशन घटा
इसी तरह भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 9,352.15 करोड़ रुपये बढ़कर 5,23,087.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्केट कैप 6,320.4 करोड़ रुपये के लाभ से 5,89,418.46 करोड़ रुपये रहा. इंफोसिस के मार्केट वैल्यूएशन में 3,507.08 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 5,76,529.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. टीसीएस की बाजार हैसियत 109.77 करोड़ रुपये बढ़कर 12,26,093.23 करोड़ रुपये पर और आईटीसी की 62.36 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 5,40,699.70 करोड़ रुपये पर पहुंच गई. इस रुख के उलट बजाज फाइनेंस का मार्केट वैल्यूएशन 5,210.91 करोड़ रुपये घटकर 4,49,604.04 करोड़ रुपये रह गया.

रिलायंस इंडस्ट्रीज टॉप पर रही कायम
टॉप-10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही. उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, आईटीसी, भारती एयरटेल, एसबीआई और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts