धर्म

19 मार्च 2026 बना ‘सुपर संयोग’ का दिन: नवरात्रि से नववर्ष तक कई बड़े पर्व एक साथ

19 March 2026 का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है। इस दिन एक साथ कई प्रमुख पर्व, व्रत और दुर्लभ योग बन रहे हैं, जिसके चलते इसे ‘सुपर संयोग’ या ‘महा संयोग’ कहा जा रहा है।

नवरात्रि और नववर्ष की शुरुआत

पंचांग के अनुसार, 19 मार्च को चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि रहेगी, और इसी दिन से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत होगी। 19 मार्च को घटस्थापना के साथ नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व का शुभारंभ होगा।

19 मार्च से ही हिंदू नववर्ष (विक्रम संवत 2083) की शुरुआत हो रही है। पंचांग के अनुसार, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर की शुरुआत मानी जाती है।

अमावस्या का भी संयोग

इस साल 2026 चैत्र अमावस्या भी 19 मार्च को पड़ रही है। अमावस्या तिथि 18 मार्च सुबह 8:25 बजे से शुरू होकर 19 मार्च सुबह 6:52 बजे पर समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, 19 मार्च को भी स्नान-दान करना शुभ रहेगा।

गुड़ी पड़वा और उगादी का पर्व

महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में इस दिन गुड़ी पड़वा मनाया जाएगा, जो नए साल के स्वागत का प्रतीक है। इस दिन लोग घरों के बाहर गुड़ी (ध्वज) लगाते हैं, जिसे विजय, समृद्धि और शुभता का प्रतीक माना जाता है।

उगादी का पर्व चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि पर 19 मार्च को मनाया जाएगा। इस दिन से तेलुगु नवववर्ष का आरंभ होता है।  उगादी का अर्थ होता है ‘युग का प्रारंभ’. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, उगादी के दिन से ही समय की गणना शुरू हुई थी।

अयोध्या में विशेष आयोजन

19 मार्च को ही राम जन्मभूमि अयोध्या मंदिर में श्री राम यंत्र की स्थापना भी होगी। सनातन धर्म के लिए यह दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। वैदिक मंत्रों के साथ अयोध्या राम मंदिर के तीसरे तल में श्री राम यंत्र की स्थापना होगी।

ग्रहों का दुर्लभ योग

19 मार्च को मीन राशि में शनि, सूर्य, शुक्र और चंद्रमा का चतुर्ग्रही योग बन रहा है। साथ ही इस दिन शुक्ल योग भी रहेगा।

चांद रात 

जानकारों के मुताबिक, 19 मार्च को भारत में शव्वाल का चांद नजर आ सकता है, और भारत में 20 को ईद मनाई जाएगी। वहीं सऊदी अरब में अगर 18 मार्च को नया चांद नजर आता है तो वहां 19 मार्च को ईद-उल-फितर होगी। ऐसे में इस्लामिक दृष्टि से भी 19 मार्च का दिन बेहद खास रहेगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts