दिल्ली कैपिटल्स के इंपैक्ट सब प्लेयर समीर रिजवी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 90 रनों की पारी खेलकर सनसनी मचा दी. हालांकि, समीर रिजवी अपने आईपीएल करियर के पहले शतक से चूक गए. समीर ने मुकाबले में शतक से पहले 31 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की थी. इस तरह समीर 51 गेंद में 90 रनों की पारी खेलकर आउट हुए. अपनी इस पारी में समीर ने 7 चौके और 7 छक्के भी लगाए. बैक टू बैक दो अर्धशतकीय पारी के साथ ही समीर रिजवी ऑरेंज कैप होल्डर भी बन गए.
इसी मैच में 35 रनों की पारी खेलने वाले रोहित शर्मा सिर पर ऑरेंज कैप का ताज सजा था, लेकिन घंटे भर में समीर रिजवी ने उसे उतार लिया. इस समीर रिजवी के आईपीएल 2026 में दो मैच में 160 रन हो गए हैं. मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से पहले रिजवी ने लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मैच में 70 रन बनाकर नाबाद रहे थे.
दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीता मैच
वहीं, इस मुकाबले की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में 6 विकेट से जीत हासिल की. अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. पहले गेंदबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के बावजूद मुंबई को 20 ओवर में 162 रन के स्कोर पर रोक दिया.
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही. ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल लगातार दूसरी बार सस्ते में आउट हो गए, लेकिन टीम के लिए पाथुम निसंका ने एक छोर से पारी को संभाले रखा. निसंका ने दिल्ली के लिए 30 गेंद में 44 रनों की पारी खेली. निसंका के आउट होने के बाद समीर रिजवी ने जिम्मेदारी उठाई और मुंबई के गेंदबाजों के खिलाफ हर तरफ चौके-छक्के लगाए. रिजवी अपने शतक से सिर्फ 10 रन दूर थे कि उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया, लेकिन तब तक उन्होंने दिल्ली की जीत तय कर दी थी. इस तरह दिल्ली ने 18.1 ओवर में 4 विकेट पर 164 रन बनाकर मैच को अपने नाम किया.




