छत्तीसगढ़

जगदलपुर में 108 माओवादी करेंगे आत्मसमर्पण, गृहमंत्री विजय शर्मा बोले – 31 मार्च 2026 तक खत्म होगा नक्सलवाद

छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच आज जगदलपुर में बड़ी संख्या में माओवादी आत्मसमर्पण करने जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति के तहत कुल 108 माओवादी कैडर आज मुख्यधारा में लौटते हुए आत्मसमर्पण करेंगे।

गृहमंत्री के अनुसार आत्मसमर्पण करने वालों में DVCM 6, CYPCM  3, PPCM 18, ACM  23 और पार्टी मेंबर 56 शामिल हैं। इन सभी माओवादियों पर सरकार ने कुल 3 करोड़ 95 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने जिलेवार आंकड़े भी साझा किए। इनमें बीजापुर के 37, नारायणपुर के 4, बस्तर के 16, कांकेर के 3, सुकमा के 18 और दंतेवाड़ा के 30 माओवादी आत्मसमर्पण करेंगे। सुरक्षा बलों ने इनके पास से 101 हथियार भी बरामद किए हैं। जिनमें AK-47 राइफल 6, INSAS राइफल 11, कार्बाइन 5, .303 LMG 20, .303 राइफल 25, 12 बोर राइफल 11, 315 बोर राइफल 13 सहित अन्य हथियार शामिल हैं।

इस दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा, “सरकार की नीतियों और सुरक्षा बलों के निरंतर अभियान के कारण माओवादी अब हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। सरकार उन्हें पुनर्वास की सभी सुविधाएं प्रदान कर रही है। 31 मार्च 2026 तक राज्य में नक्सलवाद समाप्त करने का हमारा लक्ष्य पूरा होगा।”

राज्य सरकार ने इसे नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति और विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts