रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित धर्मांतरण विधेयक को लेकर सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि इसे आगामी विधानसभा बजट सत्र में लाया जा सकता है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि 24 फरवरी को बजट पेश किया जाना है और उसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी दौरान धर्मांतरण से जुड़े विधेयक पर भी गंभीरता से मंथन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और समय आने पर इसे सदन में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया जाएगा।
इंडिया एआई समिट में प्रदर्शन पर कड़ी प्रतिक्रिया
नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन पर भी डिप्टी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस प्रदर्शन को “शर्टलेस नहीं, बल्कि सेमलेस प्रदर्शन” बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि, यदि किसी को किसी प्रक्रिया में त्रुटि लगती है तो संबंधित मंत्री का घेराव करना समझ आता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में इस प्रकार का प्रदर्शन करना अनुचित है।
SIR के अंतिम प्रकाशन पर दिया बयान
SIR के अंतिम प्रकाशन को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतिम प्रकाशन का दिन है। उनके अनुसार मतदाता सूची में समय-समय पर पाई जाने वाली गड़बड़ियों को दुरुस्त करने के लिए यह प्रक्रिया आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि कई ऐसे नाम मतदाता सूची में दर्ज थे जो अब संबंधित स्थान पर नहीं रह रहे हैं। यदि कोई घुसपैठिया है तो उसका नाम सूची से हटना ही चाहिए। सरकार का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना है।





