Blog

कई विस्फोटों से दहला यूक्रेन, रूस ने दागीं 29 क्रूज मिसाइलें, 4 दिन में तीसरा हमला

यूक्रेन में रविवार सुबह कई धमाके हुए. रूस ने चार दिन में यह तीसरा हमला किया है. अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी. यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि रूस ने यूक्रेन पर 14 टीयू-95एमसी लड़ाकू विमानों से 29 क्रूज मिसाइलें दागीं और हमले में 28 शहीद ड्रोनों का इस्तेमाल किया. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, दक्षिणी, उत्तरी, मध्य और पश्चिमी यूक्रेन में वायु रक्षा प्रणाली ने 18 मिसाइलों और 25 ड्रोनों को मार गिराया.

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, यूक्रेन की राजधानी पर हुए हमले में कोई हताहत नहीं हुआ. लविव क्षेत्र के गवर्नर मक्सिम कोज़ित्स्की ने अधिक विवरण दिए बिना टेलीग्राम पर कहा कि मिसाइलों और ड्रोनों से हमले के बाद पश्चिमी लविव क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा सुविधा में आग लग गई. स्थानीय मीडिया ने पश्चिमी खमेलनित्सकी और वोलिन क्षेत्रों में हवाई अलर्ट के दौरान विस्फोटों की आवाज़ सुनने की सूचना दी.

पोलैंड के विदेश मंत्रालय ने रविवार को दावा किया कि उसके हवाई क्षेत्र का रात में उल्लंघन हुआ है और वह इस मामले पर मॉस्को से स्पष्टीकरण मांगेगा. फ़्रांस 24 की रिपोर्ट के अनुसार, सेना ने एक्स पर लिखा, “रूसी संघ की वायु सेना द्वारा रात में दागी गई क्रूज़ मिसाइलों में से एक ने पोलिश हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया.”

कीव पर रूस ने किया हमला, 13 लोग घायल
इससे पहले, यूक्रेन की राजधानी कीव पर बृहस्पतिवार को रूस ने 44 दिनों में पहली बार हमला किया था, जिसके बाद यूक्रेन की आपातकालीन सेवा ने कहा था कि एक बच्चे सहित 13 लोग इस हमले में घायल हो गए और दर्जनों लोगों को उनके घरों से निकाला गया. कीव शहर प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको ने कहा था कि राजधानी की तरफ निशाना लगाकर छोड़ी गई लगभग 30 ‘क्रूज़’ और ‘बैलिस्टिक मिसाइलों’ को आसमान में मार गिराया गया.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts